Tuesday, May 4, 2021

बच्चों की लड़ाई

अरे देख वो बुड्ढे बाबा बेच रहे गुड़िया के बाल 

अरे नहीं वो तो है तोहफों के संग आते सांता क्लॉज़  | 


देख वहाँ बड़ी सी मछली छोटी को खाती 

अरे नहीं वो तो जैसे माँ छोटे को सुलाती | 


वो देख वहाँ है हाथी खड़ा, लम्बी सूँड उठाये 

नहीं वो है बड़ी सी लड़की, छोटी टहनी हिलाये | 


है कैसा तू अड़ियल, माने एक बात ना मेरी

छोड़ ना गर हुई देर तो फिर मारेगी अम्मा मेरी  | 


दोनों बच्चे भूल लड़ाई, उठा के बस्ता भागे 

जैसे मुर्गे की बाग पे अम्मा सुबह सबेरे जागे | 


अगले दिन वो फिर मिलेंगे , बैठेंगे, खेलेंगे , लड़ेंगे 

कल्पनाओ का बस्ता उलट, बादलों में नए चित्र उकेरेंगे |


-अंकिता 

मई ४, २०२१   



Sunday, May 2, 2021

नन्ही चिड़िया

 नन्ही चिड़िया 

चुनकर तिनके 

घांस फूंस से 

कटी पतंग की पड़ी डोर से 

नन्हा घोंसला बनाती   | 


चाहे तो चार दाने चावल के डाल दो 

नहीं तो मेहनत  कर  खुद चुन लाती 

घोसले से चीं चीं करते, चूजों के लिए  दाना लाती, 

उन्हें खिलाती 

उन्हें सुलाती   | 


सुबह सुर लगाती 

दिन में चहचहाती 

सड़क के शोर के बीच 

मधुर गीत सुनाती  


बच्चों को खिला 

उड़ना सिखा  

घोंसला छोड़ 

खुद भी उड़ जाती   | 


ना अतिक्रमण ना अधिकार जताती, 

नन्ही चिड़िया  | 


- अंकिता 

मई २, २०२१ 

Sunday, April 4, 2021

प्रेम की मौत

जिस धागे ने 

मुझे तुम्हे बाँधा था 


उसे खोजने मैं और तुम

नई  राह ढूंढते 

फर्श टटोलते 

मिट्टी  पर पैर पटक 

उड़ते धूल के गुबार में कहीं 

अमूर्त को कुछ क्षण के लिए  

मूर्त समझ 

कुछ पल ठहरते 

कि  शायद , कही पड़ा 

किसी कोने में लटका 

मिट्टी में धंसा 

फर्श में फँसा   

सड़ा, गला, छुपा 

किसी अवस्था में पा जाएं  


जिस धागे ने 

मुझे तुम्हे बाँधा था 


कल रात स्वप्न में 

उसके प्रेत की जीर्ण क्षीण काया को 

थका मांदा 

मैले कुचले, पैर समेटे 

कोने में दुबके 

सोते पाया 


-अंकिता 

अप्रैल ४ , २०२१ 

Wednesday, March 10, 2021

कोई घाव कुरेदे जाता है

वही झरोखा 

झीना पर्दा 

अँधियारा छा जाता है 

कोई घाव कुरेदे  जाता है 


वही सड़क 

कोई मोड़ सुनहरा 

दलदल पर रुक जाता है 

कोई घाव कुरेदे जाता है 


ज़र्रा ज़र्रा , 

पुर्ज़ा  पुर्ज़ा

गीत यही बस गाता है 

कोई घाव कुरेदे जाता है 


वही छैनी 

वही हथौड़ा 

घाव वही गहराता है 

कोई घाव कुरेदे जाता है 


-अंकिता 

मार्च १० , २०२१